कामरेड हरबंस सिंह भरोवाल के शरीर का सफर अगस्त १०,१९५८ पंजाब के एक गाँव से शुरू होकर सितम्बर २८, २०२६ को कनाडा के शहर ब्राम्पटन में अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचा। जीवन और मृत्यु एक ही सिक्के के दो पहलु हैं और इसे सहजता से स्वीकार किया जाना चाहिए , प्रश्न यह उठता है कि जो व्यक्ति गुजर गया आखिर वह किन मूल्यों के लिए जिया और जाते वक्त पीछे विरासत क्या छोड़ कर गया ?
हरबंस सिंह से मेरा सम्बन्ध ठीक वैसा था जैसा मेरा जुड़ाव जनता के किसी भी ज्वलंत प्रश्न और उस पर होने वाले जनपक्षीय हस्तक्षेप से। जब भी जनता से जुड़े चाहे राजनैतिक प्रश्न हो अथवा सामाजिक , हरबंस जी वहां अवतरित होते - कभी वक्ता के रूप में तो कभी पत्रकार और कुछ भी नहीं तो एक जागरूक नागरिक की हैसियत में। उनकी धड़कनों में हिन्दुस्तान गूंजता रहता, धधकता रहता। पंजाब की क्रांतिकारी प्रगतिशील राजनैतिक धारा के एक अनुशासित सिपाही की तरह वह हमेशा सजग और मुस्तैद रहते हुए अपना काम ऐसी दुर्गम परिस्थितियों में करते, जब २०१४ के बाद मोदी लहर में पत्रकारिता के बड़े-बड़े सतून दुनियाभर में ढह गए। उन्होंने अपने सरोकारों से कभी समझौता नहीं किया , डटे रहे और कलम को हथियार बना कर लड़ते रहे । उनका अखबार जिसके वह मुख्य संपादक थे 'सरोकारों दि आवाज़ ' अपने नाम की अनुसार ही काम करता। दुनियाभर में तमाम उन ख़बरों पर उनकी नज़र रहती जिससे मानवजाति की प्रगतिशीलता में उन्नति हो, हर उस मानवविरोधी घटना पर उनका अखबार आइना बनता जिसे बताना- दिखाना एक प्रज्ञ पत्रकार के लिए आवश्यक हो।
उनका अखबार मेरे नुक़्तेनज़र से वाहिद ऐसा अख़बार था जिसमें पंजाबी (गुरमुखी), अंग्रेजी और हिंदी - तीनों लीपियों को जगह मिल जाती थी। कई बार उन्होंने मेरे लेख या रिपोर्ट अपने अखबार में छापे - हिंदी और अंग्रेजी में। उन्हें खबरों के महत्व से मतलब था - भाषा से नहीं, ये बहुत बड़ी बात है। मेरे अपने पत्रकारिता जीवन में यह पहला और अनूठा अनुभव था।
किसी व्यक्ति विशेष के जाने के बाद आखिर हम जाने वाले शख्स को याद क्यों करते हैं ? परिवार की परिधि के उस पार जाने वाले पर अगर कोई गैर परिजन टेसू बहाये या उसे याद करे, इसका मतलब साफ़ है कि जाने वाला व्यक्ति परिवार की निजी सीमाओं को लांघ कर जिया है। उसके कुछ ऐसे जरूर आदर्श हुए हुए होंगे कि उसे अपना परिवार गौण और समाज प्रमुख लगा होगा। बिल्कुल इसी तरह का जीवन था हरबंस सिंह का, और यह विस्तार उन्हें कभी एक सजग राजनैतिक कार्यकर्ता की तरह हमें प्रतीत होता तो कभी एक कद्दावर जिम्मेदार कलम के सिपाही की तरह हमारे सामने पेश करता। हिंदी जगत में , उनके पेशे से जुड़े अगर किसी व्यक्ति से मैं उनकी तुलना करूँ तो गणेश शंकर विद्यार्थी का नाम मेरे ज़हन में आता है। कमोबेश वह आज के समय में , कनाडा की धरती पर वही संघर्ष कर रहे थे जो गणेश शंकर विद्यार्थी अपने समय में कर रहे थे। मसलन जम्मू में आसिफा काण्ड का मसला हो या 'गुजरात प्रोफाइल' की लेखिका राना अय्यूब का कनाडा आना और उनका सम्मान करना, किसान आंदोलन हो या पनसारे, गौरी लंकेश, कुलबर्गी हत्याकांड - ये शख्स इन तमाम मुद्दों पर अपनी मुट्ठी में बंद गुस्सा, लफ़्ज़ों के माध्यम से अपने अखबार में बिखेर देता था। जलसे - जुलूस करता था और उन तमाम आग में बुझे लफ़्ज़ों को मंच से बोलता भी था , इन तमाम हरकतों का मैं साक्षी हूँ और उनके इन भगीरथी प्रयासों में कभी-कभी सहभागी भी रहा हूँ।
लिखने को बहुत कुछ है, एक सिरा पकड़ूँ तो दूसरा छोर नहीं मिलता की कहाँ खत्म करूँ। हरबंस सिंह अपने नाम के अर्थ के मुताबिक यानि सच की वाणी ही थे, सच कितना भी कडुवा और क्रूर क्यों न हो उसे कहने , लिखे हुए को जगह देने का साहस उनमें था और यही परिपाटी आज वह अपने पीछे छोड़ कर गए हैं , उन तमाम लोगों के लिए जिन्हे अभी और लिखना है , बोलना है और विमर्श करना है। ऐसे व्यक्तित्व अपना शरीर पूरा करते हैं, कभी मरते नहीं - ऐसे लोग आप में (पाठक )और मुझमें (लेखक) हमेशा जियेंगे, और यह सिलसिला अनवरत है और रहेगा।

















